DNN शिमला
भारतीय मास्टर्स महिला हॉकी टीम के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से मुलाकात की। पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप ने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।
मुख्यमंत्री ने भारतीय मास्टर्स महिला हॉकी टीम की यूरोपीय मास्टर्स खेलों में चयनित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। यह खेल 26 जुलाई से 4 अगस्त, 2019 तक इटली के टोरिनो में आयोजित किए जा रहे है। इस खेल का आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि हॉकी हमारा राष्ट्रीय खेल है और यह अत्यन्त हर्ष की बात है कि देश की वरिष्ठ महिलाएं इस खेल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए आगे आ रही है। उन्होंने कहा कि यूरोपीय मास्टर्स खेल के लिए खिलाड़ियों का चयन देहरादून में 24 फरवरी से 2 मार्च, 2019 तक आयोजित राष्ट्रीय मास्टर्स खेल के आधार पर किया गया और यह राज्य के लिए अत्यंत गौरव की बात है कि इस टीम में चयनित अधिकतर खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश से सम्बन्ध रखते हैं। मुख्यमंत्री ने हॉकी टीम को इस आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी तथा आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। टीम की कप्तान उषा शर्मा, खिलाड़ी व टीम प्रबन्धक शीला देवी और टीम के अन्य खिलाड़ी भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे।















