DNN कुल्लू
4 सितंबर। उद्योग, परिवहन, श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम सिंह ने आज कुल्लू बस अड्डा के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बस अड्डा निर्माण कर रही कंपनी के अधिकारियों के साथ लंबित कार्य का जायजा भी लिया। इस मौके पर उन्होंने बस अड्डा के साथ लगती भूमि पर अतिक्रमण को हटाने को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश जारी किए। उन्होंने लंबित लंबित कार्य में तेजी लाने को कहा।
बस अड्डे का निर्माण बीओटी आधार पर कर रही सीएसए इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों ने उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर को इस मौके पर जानकारी दी कि बस अड्डे का कार्य वर्ष 2018 में शुरु हो गया था और अगले तीन महीने में लंबित कार्य पूर्ण होने की पूरी उम्मीद है। करीब तीन माह के भीतर बस अड्डा लोकार्पित करने के लिए तैयार हो जाएगा। कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि 80 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है और बाकि का काम तीन माह के भीतर निपटाने का लक्ष्य रखा गया है। इस बस अड्डे में अत्याधुनिक सुविधाएं लोगों को दी जाएंगी। मंत्री बिक्रम सिंह ने कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्य की प्रशंसा भी की। परिवहन विभाग के अधिकारियों और कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें अड्डा निर्माण को लेकर तकनीकि जानकारी भी दी। निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान उनके साथ आरटीओ कुल्लू रूप सिंह कल्याण, आरएम डीके नारंग, कंपनी के प्रोजेक्ट इंचार्ज ब्रिगेडियर अरुण मेहता, डायरेक्टर पराग गुप्ता सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।















