एच.पी.वी. टीकाकरण के सम्बन्ध में वर्चुअल बैठक आयोजित

Others Solan

Dnewsnetwork
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने आज यहां एच.पी.वी. टीकाकरण (हयूमन पैपिलोमा वायरस) के सम्बन्ध में सोलन ज़िला के समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से आयोजित बैठक की अध्यक्षता की।
डॉ. अजय पाठक ने समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह चिकित्सा अधिकारियों व अन्य फील्ड स्टॉफ के साथ विद्यालयों में जाकर 14 से 15 वर्ष आयुवर्ग की लड़कियों से वार्तालाप करें। उन्होंने कहा कि लड़कियों के अभिभावकों का सम्पर्क सूत्र प्राप्त कर उन्हें भी टीकाकरण के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि लड़कियों व उनके अभिभावकों को एच.पी.वी. टीकाकरण के बारे में जागरूक करना आवश्यक है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि एच.पी.वी. टीकाकरण व इससे सम्बन्धित भ्रांतियों को दूर करने के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ व शिशु रोग विशेषज्ञ द्वारा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करें ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके।
उन्होंने कहा कि एच.पी.वी. टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से रक्षा करता है। यह एक सुरक्षित टीकाकरण है और इसका प्रयोग 150 से अधिक देशों में हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में इस टीकाकरण का प्रयोग लगभग 15 वर्षों से किया जा रहा है।
डॉ. अजय पाठक ने अभिभावकों से आग्रह किया कि अपनी बेटियों का निसंकोच होकर एच.पी.वी. टीकाकरण करवाना सुनिश्चित बनाएं।
वर्चुअल बैठक में खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. अजय सिंह, खण्ड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर डॉ. परविंदर सिंह, खण्ड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ डॉ. कवि राज, खण्ड चिकित्सा अधिकारी बद्दी डॉ. अनिल अरोड़ा, खण्ड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी चण्डी डॉ. गुरमील सिंह व समस्त ज़िला कार्यक्रम अधिकारियों ने भाग लिया।

News Archives

Latest News