डीएनएन बद्दी
प्रदेश के सबसे कमाऊ पूत कहे जाने वाले बिजली बोर्ड़ की कार्यप्रणाली अपने ही विभाग को लेकर संजीदा नहीं है। पिछले सात माह से बिजली बोर्ड बद्दी डिवीजन में थ्री फेस के मीटर नहीं है लेकिन विभागीय मंत्री व आला अधिकारियों को इस बात कही कोई चिंता नहीं है। दर्जनों कनेक्शन इस छोटी सी बात को लेकर रुके हुए हैं और बिजली बोर्ड को भी घाटा उठाना पड़ रहा है। अगर आज लंबित थ्री फेस मीटर लग जाए तो जहां लोगों को राहत मिलेगी वहीं बिजली के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। जिन उपभोगताओं को अपने कनेक्शन बहुत जरुरी है वह अपना मीटर खरीद कर उसको टैस्ट करवाने के लिए सोलन के चक्कर लगा रहे हैं जिससे विभागीय कार्यप्रणाली घर द्वार पर सेवा उपलब्ध कराने की भी पोल खुल गई है। कई मीटर रुटीन में खराब है तो कई ज्यादा वोल्टेज के कारण जल गए हैं उनका भी निराकरण विभाग नहीं कर पा रहा है। बददी बरोटीवाला में आज के दौर में थ्री फेस मीटर लगवाना आज किसी बड़ी जंग से कम नहीं है, जिसका सीधा असर आम लोगों के साथ साथ उद्यमियों पर पड़ रहा है। लघु उद्योग भारती के बददी इकाई के अध्यक्ष संजय बतरा ने बोर्ड़ से मांग की है कि शीघ्र ही इलाके में थ्री फेस मीटर उपलब्ध कराए जाए ताकि औद्योगिक विकास में बाधा न पड़े।
वहीं दूसरी ओर एक्सइएन बिजली बोर्ड राकेश ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आला अधिकारियों को लिखित तौर पर थ्री फेस मीटरों की कमी से अवगत करवा दिया गया है।
















