फर्जी डिग्री मामले में एक और गिरफ्तारी राजस्थान में सोलन पुलिस की छापामारी कई दस्तावेज बरामद

Crime Solan

DNN सोलन
सोलन एक निजी विश्वविद्यालय को लेकर फर्जी डिग्री की जांच कर रही एसआईटी ने राजस्थान में छापेमारी की है। पता चला है कि छापेमारी के दौरान एसआईटी को सोलन के निजी विश्वविद्यालय से जुड़े फर्जी डिग्री मामले को लेकर कई अहम दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके बाद सोलन पुलिस ने राजस्थान स्थित एक अन्य निजी विश्वविद्यालय के कुछ कमरों को भी सील कर दिया है और दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर पुलिस टीम सोलन आ रही है। वही सोलन पुलिस ने फर्जी डिग्री मामले में हरियाणा के एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह इस मामले में दूसरी गिरफ्तारी है।
जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से सोलन के एक निजी विश्वविद्यालय में फर्जी डिग्रियों की जांच कर रही एसआईटी रोज नए-नए खुलासे करने में कामयाब हो रही है। पुलिस टीम दिन-रात जांच में जुटी है। इस मामले में विश्वविद्यालय के सहायक रजिस्ट्रार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच के बाद पुलिस ने हरियाणा के एक अन्य व्यक्ति को मामले में गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बाद एसआईटी ने राजस्थान में छापामारी की और इस मामले से जुड़े कुछ दस्तावेज हासिल करने में कामयाबी हासिल की है। एसपी सोलन अभिषेक यादव ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि एसआईटी ने जांच के दौरान एक अन्य व्यक्ति को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। इसके अलावा राजस्थान स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के कुछ कमरों को सील किया गया है और यहां से पुलिस को सोलन के निजी विश्वविद्यालय से जुड़े कुछ दस्तावेज हासिल हुए हैं। पुलिस ने दस्तावेज व कंप्यूटर को कब्जे में ले लिया है।

News Archives

Latest News