प्राकृतिक खेती उत्पाद केन्द्र का शुभारंभ, किसानों की सुविधा के लिए खोला गया उत्पाद केन्द्र

Kangra Others

DNN धर्मशाला

उपायुक्त कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने आज उपायुक्त कार्यालय परिसर में आतमा कांगड़ा द्वारा प्रायोजित प्राकृतिक खेती उत्पाद विक्रय केन्द्र का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि पूरेे प्रदेश में सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती पर जोर दिया जा रहा है। जिसके लिए बजट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला कांगडा में प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के अन्तर्गत 12 हजार किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके अन्तर्गत आत्मा कांगडा द्वारा 15 विकास खंडो में 486 दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये गये। इसके अन्तर्गत 14135 किसानों को प्रशिक्षण दिया गया और 12536 किसानों ने इस विधि को अपनाया तथा अपने खेतों में जहर मुक्त सब्जियों व फसलों का उत्पादन किया। उन्होंने कहा कि हर शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के परिसर में प्राकृतिक खेती अपना रहे किसानों द्वारा ही जहर मुक्त सब्जियों का विक्रय किया जाएगा जहां पर लोगों को कीट नाशक मुक्त, रसायन मुक्त उत्पाद उचित दामों पर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि किसानों ने सब्जियों का उत्पादन तो किया पर उन उत्पादों को लोगों तक कैसे पहुंचाया जाए और कैसे प्रचार-प्रसार किया जाए इसके लिए यह प्राकृतिक खेती उत्पाद केन्द्र लोगों को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी जिला स्तर पर इसकी शुरूआत की गई है तथा शीघ्र ही इसे ब्लॉक स्तर व पंचायत स्तर पर भी ले जाने के प्रयास किये जाएंगे।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे रसायन रहित उत्पादों का फायदा उठाएं। इससे किसानांे को भी प्रोत्साहन मिलेगा और उनकी आजीविका भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि न्यूनतम लागत, अधिक उपज, उच्च गुणवत्ता, स्वस्थ पर्यावरण सही मायने में किसानों-बागवानों को समृद्ध, खुशहाल स्वावलम्बी एवं आय दोगनी देने वाली खेती ही सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती है।
आत्मा कांगड़ा द्वारा जिन प्रशिक्षणार्थियों ने इस विधि को अपनाया है उन सभी के पते को आधार व टेलीफोन नम्बर के साथ जोडकर पोर्टल में डाला गया है।
उन्होने बताया कि इस विधि को अपनाने वाले किसानों को देसी गाय पर 25 हजार रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।

News Archives

Latest News