DNN मंडी
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि विगत पांच वर्षों में देश का सर्वांगीण विकास हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप आज भारत की गिनती विश्व के शक्तिशाली राष्ट्रों में होने लगी है तथा यह समय की मांग है कि यह गति न थमे इसके लिए फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना होगा। मुख्यमंत्री आज मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शिवाबदार में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने भारत के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। इस दौरान उन्हांने कहा कि मोदी सरकार ने प्रत्येक वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। इसके अंतर्गत देश के करोड़ों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। हालांकि इससे पूर्व केंद्र में 10 साल तक कांग्रेस पार्टी सत्ता में रही, लेकिन जनता की अनदेखी की गई। उन्हांने कहा कि कांग्रेस के नेता आरोप लगा रहे हैं कि मोदी सरकार ने देश का विकास नहीं किया, उन्हें इस लोकसभा चुनाव में जनता अवश्य जवाब देगी।