DNN नाहन। 10 सितम्बर
पच्छाद उपमंडल के सराहां में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय श्रीवामन द्वादशी मेले के समापन अवसर पर शुक्रवार रात को अंतिम सांस्कृतिक संध्या से घर लौट रहे हरियाणा व हिमाचल के युवाओं की बाइक आपस में टकराने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पच्छाद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा नाहन-शिमला नेशनल हाईवे 907ए पर सराहां से 2 किलोमीटर आगे काहन के समीप पेश आया। हिमाचल व हरियाणा के युवकों की दो बाइक्स आपस में इतनी जोर से टकराई कि बाइक का टायर रिम से अलग हो गया। हादसे में मौके पर ही एक युवक ने दम तोड़ दिया। जबकि तीन घायल युवकों को सराहां सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रात को डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया। एचपी16एए-0802 व एचआर03वी-6206 बाइक आपस में आमने सामने टकराई। एचपी16एए-0802 बाइक पर सवार 22 वर्षीय कुशाल पुत्र प्रेम दत्त निवासी चाठड़ी तहसील पच्छाद जिला सिरमौर व उसके साथ 29 वर्षीय गंगाराम पुत्र होशियार सिंह निवासी बेल तहसील पच्छाद था। इस बाइक हादसे में कुशाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एचआर03वी-6206 बाइक पर हरियाणा के पंचकुला जिले के मोरनी हिल्स का उमेश पुत्र गोपाल व उसका साथी निशांत पुत्र हरबंस निवासी भटौली डाकघर मोरनी हिल्स यह तीनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका नाहन मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। जबकि आज शनिवार को सराहां पुलिस ने मृतक 22 वर्षीय कुशाल का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। बाइकों की आपसी टक्कर में एक युवक की मौत व तीन युवकों के घायल होने की पुष्टि एसपी सिरमौर ओमापति जमवाल ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।















