DNN सोलन
13 नवम्बर। मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार (उद्योग, राजस्व एवं नगर नियोजन) ने गत सांय दून विधानसभा क्षेत्र की दाढ़वा पंचायत में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य पर दो दिवसीय मेले का शुभारंभ किया।
राम कुमार चौधरी ने क्षेत्र के लोगों को दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय त्योहार हमारी सांस्कृतिक के धरोहर हैं और दीपावली भारत के महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है। दीपावली स्वयं के अंदर के अंधकार को मिटा कर समूचे संसार को प्रकाशमय बनाने का त्योहार है। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक भी हैं। मेले में लोगों को सुख-दुःख बांटने के अतिरिक्त प्रदेश की संस्कृति को जानने का अवसर भी मिलता है। प्रदेश सरकार द्वारा मेलों के संरक्षण पर विशेष बल दिया जा रहा है ताकि भावी पीढ़ी अपनी संस्कृति को आत्मसात कर सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा भारी वर्षा सेे प्रभावित लोगों के लिए बढ़ौतरी कर राहत पैकेज दिया गया है। राहत पैकेज के तहत भारी वर्षा के कारण पूरी तरह से क्षतिग्रस्त मकानों के मालिकों को दी जाने वाली राशि को बढ़ाकर 07 लाख रुपए तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के मालिकों को दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपए किया गया है।
उन्होंने कहा कि दून विधानसभा के पहाड़ी क्षेत्रों में विकास कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जा रहे हैं तथा प्रत्येक गांव तक सड़क व पक्के रास्तो का निर्माण उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने दाडवा, मरेटा, टिमली के लिए उठाऊ सिंचाई योजना तथा दाडवा से धनेर के लिए पक्का मार्ग बनाने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव ने दाडवां पंचायत में धौला से धार देवता धौला तक संपर्क मार्ग बनाने के लिए 03 लाख रुपए दाडवां पंचायत में मंदिर के नजदीक खेल मैदान निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपए विधायक निधि से देने की घोषणा की।
उन्होंने नगर कोटी माता मंदिर कमेटी को 20 हज़ार रुपए अपनी ऐच्छिक निधि से देने की घोषणा की। उन्होंने युवा क्लब दाढ़वा बैठक कक्ष के लिए 2 लाख रूपए की राशि भी देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर दाढ़वा पंचायत प्रधान व खण्ड कांग्रेस दून के कार्यकारी अध्यक्ष रमेश ठाकुर, दाढ़वा मेला कमेटी प्रधान भारत भूषण तोमर, मेला कमेटी उप प्रधान मोहनलाल ठाकुर, मेला कमेटी के अन्य सदस्य धर्म सिंह, श्यामलाल, विजय ठाकुर, पुष्पेंद्र ठाकुर, देव सुड़ धारा वाला के मुख्य पुजारी भगवान दास ठाकुर, नगर कोटी माता मंदिर समिति प्रधान रामचंद्र तोमर, यूथ क्लब प्रधान लालचंद चौधरी व अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।