DNN सोलन
सोलन जिला में गत दो दिनों से हो रही भारी वर्षा के कारण हो रहे भूस्खलन, मलबा गिरने तथा मकान ढहने से अभी तक 7 व्यक्तियों की मृत्यु होने का समाचार है। एक 12 वर्षीय बच्चे की खोजबीन की जा रही है। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के कंडाघाट उपमंडल के कुरगल के समीप चाकल ग्राम में मकान ढहने से 4 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है। इनमें 32 वर्षीय देवेंद्र पुत्र रूपराम, उनकी पत्नी 28 वर्षीय मीना देवी तथा दो बच्चे 6 वर्षीय आदित्य एवं 3 वर्षीय हर्षिता हैं। जिला प्रशासन द्वारा फौरी राहत के रूप में मृतकों के परिजनों को 20 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं।
कसौली क्षेत्र के गडख़ल के नाहरी के समीप दीपक पुत्र मटरू की मृत्यु होने का समाचार है। मृतक के परिजनों को प्रशासन की ओर से फौरी राहत के रूप में 15 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं।
सोलन उपमंडल की ग्राम पंचायत जाबली के दतियार के समीप रानी गांव में 12 वर्षीय हिमांशु पुत्र माया राम के स्थानीय खड्ड में बहने का समाचार प्राप्त हुआ है। राहत एवं बचाव दल द्वारा हिमांशु की खोजबीन जारी है।
नालागढ़ उपमंडल में 12 अगस्त 2018 को बरोटीवाला स्थित यूको बैंक के समीप झुग्गी की दीवार ढहने से श्रमिक 38 वर्षीय राजू एवं 4 वर्षीय राहुल की मृत्यु का समाचार है। एक श्रमिक शारदा को घायल अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया है। ये सभी श्रमिक मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 20 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं।