Dnewsnetwork
मंडी जिले के कोटली उपमंडल में एक टाटा सूमो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 40 फीट नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा कोटली-कून सड़क पर द्रुबल पंचायत के अलग गांव के पास हुआ। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार एक टाटा सूमो कोटली से कून गांव की ओर जा रही थी, जिसमें चालक सहित तीन लोग सवार थे। गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे एक घर के पास बने शौचालय के पास जा रुकी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को कोटली अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने गाड़ी के चालक 48 वर्षीय पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल पवन कुमार की पत्नी रमा देवी और अच्छर सिंह गांव बड़ू को गंभीर हालत में मंडी के जोनल अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन मंडी अस्पताल में उपचार के दौरान अच्छर सिंह ने भी दम तोड़ दिया। घायल महिला रमा देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर भेजा गया है।