DNN बद्दी
सोलन जिले के कुनिहार में संपन्न हुई राज्यस्तरीय अंडर 19 (छात्रा ) की खेलकूद प्रतियोगिताओं में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घरेड (नालागढ) की छात्राओं का पूरा बोलबाला रहा। कुश्ती प्रतियोगिताओं में बददी के निकट घरेड स्कूल की बालिकाओं का डंका खूब बजा। प्रांत स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में प्रेरणा मैहता ने 50 किग्रा वर्ग में गोल्ड मैडल जीता। खुशी ठाकुर ने 55 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। इसके अलावा हिना ने 53 किलो वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी झोली में डाला। कोच मोहिंद्र सिंह मैहता ने बताया कि ये तीनों छात्राएं खुशी ठाकुर सातवीं कक्षा, प्रेरणा मैहता छटी कक्षा और हिना जमा दो कक्षा में रावमा पाठशाला घरेड में पढ़ती हैं। बददी पहुंचने पर विजेताओं व उप विजेताओं का लोगों ने भरपूर स्वागत किया। वहीं बददी विकास मंच के अध्यक्ष संजीव कौशल ने तीनो बालिकाओं के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इनको आगे बढने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होने कहा कि हमारी इच्छा है कि सरकार ऐसे खिलाडियों के लिए बददी में एक इंडोर स्टेडियम का निर्माण करे ताकि ऐसे प्रतिभावान खिलाडी अपनी प्रैक्टिस कर सकें।















