Dnewsnetwork
सोलन, 15 जून। जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फ्लैट में दबिश देकर 10.13 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 14 जून 2026 को SIU टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक फ्लैट में मादक पदार्थ रखा गया है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फ्लैट में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां रह रहे दो युवकों के कब्जे से 10.13 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक चंदेल (23 वर्ष) पुत्र मुकेश कुमार चंदेल निवासी गांव भांगनल, डाकघर दभोटा, तहसील नालागढ़, जिला सोलन तथा कार्तिक (28 वर्ष) पुत्र आकाश निवासी ब्राह्मणों वाली गली, गोहाना, जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में एफआईआर संख्या 132/2026 दिनांक 14 जून 2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें 15 जून 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस को चार दिन का रिमांड प्राप्त हुआ है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला तथा इस कारोबार में शामिल अन्य संभावित व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
इसके अलावा पुलिस दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास मादक पदार्थों की तस्करी या सेवन से संबंधित कोई सूचना मिले तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।














