शहीद अजय शौर्य चक्र मेमोरियल मेला थुरनधार में उमड़ा जनसैलाब

Others Solan

Dnewsnetwork

सोलन। शहीद अजय (शौर्य चक्र) मेमोरियल मेला थुरनधार का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ शुरू हुआ। मेले में वार्ड-9 सोलन की पार्षद मीनाक्षी शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व पार्षद पुनीत शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि मीनाक्षी शर्मा का मेला प्रबंधन समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे मेले हमारी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति में आयोजित होने वाले कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा की प्रेरणा देते हैं। मीनाक्षी शर्मा ने शहीद अजय के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश के वीर सपूतों की कुर्बानियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए समिति के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

पूर्व पार्षद पुनीत शर्मा ने भी आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य करते हैं। पच्छाद उपमंडल के थुरनधार में आयोजित दो दिवसीय शहीद अजय (शौर्यचक्र) मेमोरियल मेला 16 और 17 जून को श्रद्धा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। मेला आयोजन समिति के अनुसार मेले का आयोजन डाकघर कोटला-पंजोला, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर में किया जा रहा है।

मेले के दूसरे दिन शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप मुख्य अतिथि तथा पच्छाद की विधायक रीना कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। मेले की अध्यक्षता ग्राम पंचायत की प्रधान नीमा देवी जबकि समस्त कार्यक्रमों का संचालन मेला समिति के प्रधान हेमराज कश्यप की देखरेख में हो रहा है।

मेला समिति ने बताया कि इस अवसर पर भव्य दंगल और कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश सहित बाहरी राज्यों के नामी पहलवान और खिलाड़ी भाग लेंगे। दंगल की बड़ी माली 21 हजार रुपये तथा छोटी माली 11 हजार रुपये निर्धारित की गई है।

मेले के पहले दिन रात्रि में शिव शक्ति लोक कला मंच, सोलन द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक संध्या प्रस्तुत की जाएगी। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों और खेल प्रेमियों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रमों की शोभा बढ़ाने की अपील की है।

शहीद अजय (शौर्यचक्र) की स्मृति में आयोजित यह मेला क्षेत्र में देशभक्ति, सामाजिक एकता और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच माना जाता है।
मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, धार्मिक अनुष्ठानों और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनका स्थानीय लोगों ने भरपूर आनंद लिया। क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने मेले में पहुंचकर कार्यक्रम का मजा लिया।
दो दिवसीय इस मेले में मेला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, महिला मंडल, युवक मंडल तथा आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

News Archives

Latest News