राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध – हरदीप सिंह बावा

Nalagarh Others Politics

Dnewsnetwork
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हरदीप सिंह बावा आज नालागढ़ में नशा-मुक्त समाज के संकल्प के साथ एंटी-चिट्टा जागरूकता अभियान का शुभारंभ करने के उपरांत उपस्थित युवाओं व अन्य को सम्बोधित कर रहे थे।
हरदीप सिंह बावा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में नशे के विरुद्ध आरम्भ की गई निर्णायक और ऐतिहासिक मुहिम भविष्य की सुरक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने मादक पदार्थ चिट्टा, हेरोइन तथा सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध कारोबार पर प्रहार करने के लिए कड़े कानून और व्यापक जन-जागरण को एक साथ जोड़कर एक सशक्त रणनीति बनाई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह स्पष्ट संदेश है कि नशा बेचने वाले और नशा फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि एंटी चिट्टा जागरूकता अभियान का उद्देश्य प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि एंटी-चिट्टा जागरूकता अभियान प्रदेश के साथ-साथ नालागढ़ में 31 मार्च, 2026 तक गांव-गांव, शहर-शहर कार्यान्वित किया जा रहा है।
विधायक ने इससे पूर्व उपस्थित युवाओं व अन्य लोगों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वह स्वयं नशे से दूर रहें और समाज को भी इस अभिशाप से मुक्त कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों, गैर सरकारी संगठनों से आग्रह किया की आगामी माह में विभिन्न कार्यक्रमों का हिस्सा बनकर नालागढ़ को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए अपना बहुमूल्य सहयोग दें।
उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ नरेन्द्र आहलूवालिया ने इस अवसर पर एंटी चिट्टा जागरूक अभियान के तहत नालागढ़ उपमण्डल में आगामी माह में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।
इस अवसर पर छात्रों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित नुक्कड़ नाटक, भाषण, चित्रकला के माध्यम से नशे से होने वाले मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक विनाश को स्पष्ट रूप से दर्शाया।
कार्यक्रम के उपरांत नालागढ़ शहर में जागरूकता रैली भी निकाली गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों व महाविद्यालयों के छात्रों ने नशामुक्त नालागढ़ का संदेश दिया।
इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किए गए, जहां लोगों ने ‘नशे को ना कहें’ संदेश के साथ नशामुक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्ज करवाई।
विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, अध्यापक, आशा कार्यकर्ता व अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

News Archives

Latest News