डीएनएन सोलन
मिसेज इंडिया हिमाचल प्रदेश का दूसरा ऑडिशन 19 फरवरी से शुरू होगा। इसमें इस बार भी प्रतिभागियों का चयन पूरे प्रदेश में ऑडिशन के माध्यम से किया जाएगा। हिमाचल फिल्म सिटी के तत्वाधान में होने वाले मिसेज इंडिया हिमाचल प्रदेश की रीजनल डायरेक्टर नमिता शर्मा व हिमाचल फिल्म सिटी के डायरेक्टर पदम वर्मा ने बताया कि 19 फरवरी से इसके लिए ऑडिशन शुरू हो जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश की विवाहित महिलाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जिसके माध्यम से वो अपनी खूबसूरती के साथ बुद्धिमता का परिचय दे सके। इससे महिलाएं यह साबित कर सकती हैं कि नारी कुशल गृहिणी ही नहीं बल्कि समाज के लिए प्रेरणास्रोत भी होती हैं। इसका उद्देश्य मात्र मॉडल ढूंढना ही नहीं है बल्कि नारी सशक्तिकरण को भी बढ़ावा देना है। मिसेज इंडिया हिमाचल प्रदेश एक ऐसा मंच है, जिसके माध्यम से विवाहित महिलाएं न केवल प्रदेश स्तर पर बल्कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।
मिसेज इंडिया हिमाचल प्रदेश की छह विजेता पिछले वर्ष की तरह इस बार भी प्रदेश का राष्ट्रीयस्तर पर प्रतिनिधित्व करेंगी। इस प्रतियोगिता का आयोजन दो वर्गो में होता है। इसमें मुख्य वर्ग में 21-39 वर्ष और दूसरे वर्ग में 40-70 वर्ष की विवाहित महिलाएं भाग ले सकती हैं। प्रतियोगिता में सभी वर्ग में फ्री एंट्री है और इसके लिए वजन या कद का कोई बंधन नही है। ऑडिशन मुख्यत: 19 फरवरी को नाहन में, 25 फरवरी को सोलन में, चार मार्च को बिलासपुर में, पांच मार्च को सुंदरनगर व मंडी में, छह मार्च को हमीरपुर में, सात मार्च को कांगडा में, नौ मार्च को चंबा में और 17 मार्च को शिमला में आयोजित किए जाएंगे।
