बद्दी पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 6.45 ग्राम चिट्टा व डिजिटल तराजू सहित आरोपी गिरफ्तार

Baddi + Doon Crime

Dnewsnetwork
बद्दी, 24 जून: पुलिस जिला बद्दी द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की गई है। स्पेशल सेल बद्दी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नालागढ़ के चौकीवाला चौक के समीप एक व्यक्ति को चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्पेशल सेल की टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपनी स्कूटी में चिट्टा लेकर बिक्री करने की फिराक में चौकीवाला चौक के पास खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया। तलाशी के दौरान उसकी स्कूटी की डिग्गी से 6.45 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) तथा एक डिजिटल तराजू बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव शर्मा निवासी नालागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना नालागढ़ में ND&PS अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था तथा इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद कुमार धीमान ने कहा कि पुलिस जिला बद्दी नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बद्दी पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

News Archives

Latest News