DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
17 अक्तूबर। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर 20 अक्तूबर से टॉय ट्रेन की गूंज फिर सुनाई देगी। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने शेड्यूल बना दिया है। फेस्टिवल सीजन को देखते हुए रेलवे बोर्ड द्वारा ट्रैक पर स्पेशल ट्रेन को चलाने की मंजूरी दी है। बताया जा रहा है कि यात्रियों के लिए टिकट बुक करवाने के लिए रेलवे काउंटर और ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा दी गई है।
बता दें कि रेलवे बोर्ड द्वारा 15 अक्तूबर से कालका-दिल्ली शताब्दी चलाई जाने का फैंसला लिया था। इसी को देखते हुए कालका-शिमला विश्व धरोहर रेलवे ट्रैक पर 15 अक्तूबर से ट्रैक पर हिमालयन क्वीन के संचालन की योजना बनाई गई थी और रेल मुख्यालय से अंतिम मंजूरी लेने के लिए पत्र लिखा गया था, लेकिन अब रेलवे बोर्ड ने 20 अक्तूबर से एक स्पेशल ट्रेन चलने का फैसला लिया है। इसके लिए बाकायदा एसओपी जारी की गई है। गौरतलब हो कि कोरोना वायरस के लेकर मार्च माह के अंत में कालका-शिमला विश्व धरोहर पर ट्रेन के पहिए थम गए थे। इसके पश्चात अनलॉक में रेलवे बोर्ड द्वारा एक ट्रेन जरूरी कार्य के लिए चलाई गई थी और अब रेलवे बोर्ड फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन 20 अक्तूबर से ट्रैक पर दौड़ाएगा।
यह रहेगा शेड्यूल
20 अक्टूबर से फेस्टिवल सीजन को लेकर चलाई जाने वाली एक ट्रेन के लिए बोर्ड ने शेड्यूल जारी कर दिया है। इस ट्रेन का नाम फेस्टिवल स्पेशल रखा गया है। यह ट्रेन कालका से 20 अक्तूबर से रोजाना अप 04503 कालका से लगभग 12 बजकर 10 मिनट पर चलेगी और शिमला पांच बजकर 30 मिनट पर पहुंचेगी। इसी तरह 21 अक्तूबर से रोजाना डाउन 04504 शिमला से 10 बजकर 40 मिनट पर चलेगी और लगभग 04 बजकर 10 मिनट पर कालका पहुंचेगी।
क्या कहना है स्टेशन अधीक्षक का
सोलन रेलवे स्टेशन अधीक्षक सुरेंद्र परमार का कहना है कि फेस्टिवल सीजन को देखते हुए बोर्ड द्वारा एक स्पेशल ट्रेन को चलने का निर्णय लिया गया है। इससे लोगों को काफी फायदा पहुंचेगा और यह स्पेशल ट्रेन 20 अक्टूबर से अप कालका से शिमला की और रोजाना चलेगी और शिमला से कालका के लिए डाउन ट्रेन 21 अक्तूबर से रोजाना चलेगी। इसके लिए बोर्ड द्वारा शेड्यूल जारी कर दिया है।














