जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह कलाकेन्द्र में आयोजित किया जाएगा

Himachal News Kullu Others

DNN कुल्लू

6 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का जिला स्तरीय समारोह सोमवार को ऐतिहासिक लाल चंद प्रार्थी कलाकेन्द्र में 8 मार्च को प्रातः 10.30 बजे आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा इस अवसर पर मुख्य अतिथि होंगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा अनेक अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। समारोह में जिलाभर से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित रहेंगे।
इस मौेके पर उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा महिलाओं को संबोधित करेंगी। इनसे पूर्व महिला कल्याण मण्डल सरवरी की निदेशक शालिनी वत्स महिला दिवस की महता पर प्रकाश डालेंगी जबकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सुशील चन्द्र कोविड-19 महामारी व वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी देंगे। परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सुरजीत ठाकुर स्वच्छ भारत अभियान के बारे में जबकि डी.एल.एस.ए. के सचिव महिलाओं के विधिक अधिकारों की जानकारी देंगे।
आंगनवाड़ी केन्द्रों की महिलाओं द्वारा इस अवसर पर समूह गान, हिमाचली लोक नृत्य, नुक्कड़ व कुल्लवी नाटी का प्रदर्शन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। उपायुक्त ने समस्त जिला अधिकारियों, महिला कर्मचारियों व जिला के लोगों से समारोह का हिस्सा बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है और महिलाएं सभी घर-परिवारों में हैं, इसलिए जरूरी हो जाता है कि सभी लोगों की भागीदारी महिलाओं के सम्मान के लिए सुनिश्चित हो। डाॅ. ऋचा वर्मा ने लोगों से यह भी अपील की है कि कोरोना संक्रमण फिर से लौट रहा है। सभी लोगों को सतर्क और सावधान रहने की आवश्यकता है। किसी भी हालत में मास्क का उपयोग न छोडे़ और एक उपयुक्त सामाजिक दूरी का भी पालन करें।

News Archives

Latest News