ग्रामीणों ने दी पच्छाद उपचुनाव के बहिष्कार की चेतावनी

Politics Sirmaur

DNN नारग (जयचंद)

पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की चमेंजी पंचायत में सड़क सुविधा से महरूम कजार, रोयो, धारघाट व ढाक्कर गांव के करीब 200 ग्रामीणों ने उपचुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दे डाली है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोई भी राजनीतिक दल उनकी सड़क की मांग को हल नहीं करवा रहा है। हर बार चुनाव के समय आश्वासन तो जरूर मिलते हैं, लेकिन उसके बाद उनकी सुध कोई नहीं ले रहा। ग्रामीणों अनुसार भलजा से कजार तक बस रोड का उद्घाटन 2017 में कर दिया गया, लेकिन कजार तक सड़क की हालत इतनी खराब है कि इस पर गाड़ी चलाना खतरे से खाली नहीं है और यहां हमेशा हादसे का अंदेशा बना रहता है। जबकि इससे आगे धारघाट तक लोगों को रोड की सुविधा ही नहीं है, जिससे यहां के करीब 30 परिवारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीण जयपाल, देव शर्मा, सुखचैन, संजय, सुनील, रणवीर, श्रीकांत, जगमोहन, भीम सिंह, ललित कुमार, दीपक कुमार, बाबूराम, काकूराम आदि ने कहा कि यदि कोई बीमार हो जाए तो उसे सड़क तक पहुंचाने में भारी दिक्कत होती है। इसके अलावा नगदी फसलों को मुख्य सड़क तक पीठ पर लादकर ही ले जाना पड़ता है। भलजा से कजार तक जो रोड है, उसकी इतनी बुरी हालत है कि यहां सड़क के नाम पर बस गड्ढे ही गड्ढे और बड़ी-बड़ी खाइयां ही बची हैं। हालांकि ग्रामीण स्वयं इसकी मेंटनेंस करते हैं, लेकिन उनका आरोप है कि भलजा तक उद्घाटन होने के बावजूद सरकार इसकी कोई सुध नहीं ले रही है। ग्रामीण भलजा से धारघाट तक सड़क सुविधा की उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी न होने के चलते इस बार उपचुनाव का विरोध करेंगे और सभी ग्रामीण मतदान नहीं करेंगे।

News Archives

Latest News