Dnewsnetwork
सोलन। दिल्ली में नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस नेताओं के साथ हुई कार्रवाई के विरोध में शनिवार को धरमपुर सोलन में जिला कांग्रेस कमेटी, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस तथा कांग्रेस के विभिन्न अग्रणी संगठनों ने संयुक्त रूप जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा कहा कि देश के लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों, कांग्रेस नेताओं और सांसदों के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष वरमानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाब देने के बजाय उनकी आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है, जिसकी निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
सुभाष वरमानी ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं और व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा कराई जाए तथा नई दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान छात्रों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर और आपराधिक मामले तुरंत वापस लिए जाएं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और छात्रों, युवाओं तथा आम नागरिकों की आवाज़ को दबाने के हर प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।
विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल तथा कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े हर मुद्दे पर उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और न्याय मिलने तक अपना संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा,APMC के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ,राहुल ठाकुर ,बलदेव ठाकुर और सेकडो कार्यकर्ता मौजूद रहे।














