Dnewsnetwork
सोलन, 24 जुलाई : जिला पुलिस सोलन की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने नशा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 18.97 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में इस्तेमाल वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है और आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।
पहले मामले में पुलिस ने सूचना के आधार पर कुमारहट्टी की ओर से आ रही एक आल्टो-800 कार को नाकाबंदी के दौरान जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान कार में सवार प्रज्वल जनारथा (34) निवासी कोटखाई, जिला शिमला तथा परीक्षित चौहान निवासी कोटखाई के कब्जे से 8.32 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना सदर, सोलन में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। दूसरे मामले में पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर सनवारा के समीप नाकाबंदी कर एक सेलेरियो कार की जांच की। तलाशी के दौरान वाहन में सवार वीरेंद्र कुमार उर्फ तनु (31), निवासी सोलन, दीपक (25), निवासी साेलन, तथा अजय कुमार (35), निवासी सोलन के कब्जे से 10.65 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस थाना धर्मपुर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। एएसपी राज कुमार चंदेल ने इसकी पुष्टि की है।














