अगले 30 महीनों में बनकर तैयार होगा चंबा मेडिकल कॉलेज भवन का पहला चरण

Chamba Politics
DNN चंबा
विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने कहा कि पंडित  जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा के सरोल में बनने वाले भवन का पहला चरण 30 महीनों में बनकर तैयार हो जाएगा। विधानसभा उपाध्यक्ष ने यह बात आज मेडिकल कॉलेज के दरबार हॉल में चंबा मेडिकल कॉलेज और नेशनल बिल्डिंगस कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड के मध्य हुए 319. 53 करोड़ रुपए के एमओयू हस्ताक्षरित करने के आयोजन मौके पर अपने संबोधन के दौरान कही।  उन्होंने बताया कि पहले चरण में 200 बिस्तरों की क्षमता वाला मेडिकल कॉलेज अस्पताल,  हॉस्टल ब्लाक,  आवास कचरा इंसीनरेटर ब्लॉक और उसमें स्थापित होने वाले उपकरण शामिल रहेंगे।

उन्होंने कहा कि चंबा मेडिकल कॉलेज के भवन के निर्माण के प्रति केंद्र और राज्य सरकार प्रतिबद्ध थी और आज नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड के साथ हुए एमओयू से अब मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है ।
चरणबद्ध तरीके से मेडिकल कॉलेज और मेडिकल कॉलेज अस्पताल से जुड़ी तमाम आधारभूत सुविधाएं अब आने वाले समय में उपलब्ध होने वाली हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड केंद्र सरकार का एक प्रतिष्ठित उपक्रम है जो बिलासपुर स्थित एम्स और आईआईटी मंडी के निर्माण कार्यों में भी जुड़ा हुआ है।  उन्होंने ये भी कहा कि चंबा मेडिकल कॉलेज में और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती होगी जिनमें में स्त्री रोग विशेषज्ञ भी शामिल रहेंगे।
उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि भविष्य में चंबा मेडिकल कॉलेज  एक प्रतिष्ठित संस्थान के तौर पर विकसित होगा और जिले के लोगों को तमाम विशेषज्ञ मेडिकल सुविधाएं यहां मिलेंगी। विधानसभा उपाध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा 200 डॉक्टरों को नियुक्ति दी गई है।  उन्होंने बताया कि इनमें से 6 डॉक्टरों की तैनाती तीसा क्षेत्र के अस्पतालों में हुई है।
इससे पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन के दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष ने जगत प्रकाश नड्डा को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर दायित्व देने के लिए प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में उन्हें चंबा जिला में आने का न्योता भी दिया गया है।
चंबा के विधायक पवन नैयर ने मेडिकल कॉलेज चंबा के पहले चरण के लिए होने वाले एमओयू के लिए केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
319.53 करोड़ के इस एमओयू पर राज्य सरकार की ओर से मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर पीके पुरी और नेशनल बिल्डिंगस  कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड की तरफ से वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक डीडीएस श्रीवास्तव ने हस्ताक्षर किए।

News Archives

Latest News