युवाओं, किसानों और महिलाओं के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरने का ऐलान
Dnewsnetwork
सोलन, 8 सितंबर। विधानसभा सोलन युवा कांग्रेस की मासिक बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला सोलन युवा कांग्रेस अध्यक्ष गुरदास चौधरी ने की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं जिला सोलन युवा कांग्रेस प्रभारी मनीष भगनाल तथा डॉ. रंजीत वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मनीष भगनाल और डॉ. रंजीत वर्मा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर युवाओं, किसानों और महिलाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी, पेपर लीक, किसानों की समस्याएं, युवाओं के खिलाफ कार्रवाई और जातिगत भेदभाव जैसे मुद्दे गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण विभिन्न वर्गों में असंतोष है।
उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस पहले भी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, उत्तराखंड के हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में भी युवा कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन और प्रदर्शन करेगी।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन के साथ जोड़ने पर भी चर्चा की गई। इस दौरान जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष रोहन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हितेश ठाकुर, महासचिव राशिद, सचिव राणा, रितिक, कुसुम, मानसी, सनम, विक्की, राहुल, अमित, सुनील, कपिल, शिवानी, नेहा सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।













