सोलन में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर प्रदर्शन

Others Politics Solan
DNN सोलन
सोलन में न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ सोलन ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए पेंशन संकल्प रैली का आयोजन किया। रैली पुराने बस स्टैंड से शुरू होकर मालरोड होते हुए एक किलोमीटर का पैदल मार्च करके नए डीसी ऑफिस के प्रांगण तक पहुंची। एनपीएस कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मानसून सत्र में एनपीएस कर्मचारी एक बड़ा धरना प्रदर्शन करेंगे। रैली को संबोधित करते हुए राज्याध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि अब वह दिन दूर नहीं रह गया है जब पुरानी पेंशन बहाल होगी। उन्होंने कहा कि 2022 में अब तक देश के 2 राज्यों राजस्थान और छत्तीसगढ़ ने NPS खत्म करके पुरानी पेंशन बहाल कर दी है। ऐसे रुझान आ रहे हैं कि झारखंड भी जल्दी ही बहाल करने वाला है। पंजाब सरकार भी कह रही है वह इन राज्यों के मॉडल को देख रही है। उन्होंने कहा कि लग रहा है कि हिमाचल सरकार भी अपने इसी कार्यकाल में इसे बहाल कर देगी।
रैली में राज्य महासचिव भरत शर्मा ने कहा कि कुछ साल पहले ही इस संगठन की नींव रखी गई थी पर अपने थोड़े सालों के कार्यकाल में ही हमने सरकार से NPS कर्मचारियों के लिए DCRG, मेडिकल रिंबर्समेंट, डेथ एंड डिसेबिलिटी की 2009 की नोटिफिकेशन प्राप्त कर ली। अब हमारी एक मात्र मांग केवल पुरानी पेंशन की बहाली ही रह गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधान सभा के मानसून सत्र में संघ शिमला में एक बार फिर से विशाल रैली का आयोजन करने जा रहा है और इस रैली में एनपीएस कर्मचारियों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी शामिल होंगे।
रैली में सोलन जिला अध्यक्ष अशोक ठाकुर ने कहा कि सभी कर्मचारी तब तक लड़ते रहेंगे जब तक कि उनकी पुरानी पेंशन की मांग पूरी नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि जिलों में हो रही पेंशन संकल्प रैलियों से यह स्पष्ट हो रहा है कि अब एनपीएस कर्मचारी जाग चुका है और यह जन सैलाब उसका जीता जागता उदाहरण है। शिमला में इस बार 3 मार्च से भी ज्यादा एनपीएस कर्मचारी अपने हक़ को प्राप्त करने के लिए पहुंचेंगे। अंत में राज्य संविधान पर्यवेक्षक श्याम लाल गौतम ने आए हुए सभी कर्मचारियों का धन्यवाद किया और भविष्य में भी अपने स्वाभिमान और सुरक्षित बुढ़ापे के लिए पुरानी पेंशन की बहाली के इस आंदोलन में इसी तरह बढ़ चढ़कर साथ रहने का अनुरोध किया। इस रैली को चंबा जिला अध्यक्ष सुनील जरयाल, शिमला अध्यक्ष कुशाल शर्मा, बिलासपुर अध्यक्ष राजेन्द्र, सिरमौर से राज्य उपाध्यक्ष सुनील तोमर, जिला सोलन महासचिव महेन्द्र भारद्वाज ने भी संबोधित किया।

News Archives

Latest News