समाज को सही दिशा प्रदान करने में महिलाओं का योगदान सराहनीय

Himachal News Others Solan

DNN सोलन

08 मार्च । प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वंदना योगी ने कहा कि स्वस्थ एवं विकसित समाज में महिलाओं की भूमिका बराबर योगी आज की है और एक जागरूक नागरिक होने के नाते हम सभी को महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्यरत रहना चाहिए। वंदना बीएम जैन पब्लिक स्कूल नालागढ़ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रही थीं। वंदना योगी ने कहा कि आज विश्व स्तर पर महिलाएं अपनी कामयाबी का परचम लहरा रही हैं। विकास के लगभग सभी क्षेत्रों में महिलाओं की योग्यता को सराहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं एक बार पुनः यह सिद्ध कर रही हैं कि समाज को सही दिशा देने में उनका अतुलनीय योगदान है।

बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को पुरूष के बराबर माना गया है। वर्तमान समय में हम सभी को महिलाओं के इस स्थान को स्थापित करने के लिए आगे आना होगा। वंदना योगी ने कहा कि हाल ही में संपन्न पंचायती राज संस्थाओं तथा शहरी निकायों के चुनाव में 60 प्रतिशत से अधिक महिलाएं निर्वाचित हुई हैं। यह जहां प्रदेश सरकार की महिला उत्थान के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण है वहीं आमजन की सकारात्मक मानसिकता का परिचायक भी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि लड़कियों को आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करें।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर ने कहा कि महिलाओं के बिना जीवन और संसार की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि महिलाएं पुरूषों के साथ कन्धे से कन्धा मिलाकर कार्य कर रही हैं और संसार को दया, करूणा और प्रेम जैसे मानवीय गुणों से परिपूर्ण बना रही है। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता इंदु ठाकुर ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, नगर परिषद नालागढ़ की अध्यक्ष रीना शर्मा, पार्षद शालिनी शर्मा एवं तारा अवस्थी, खण्ड विकास अधिकारी विश्वमोहन देव चैहान, तहसीलदार ऋषभ शर्मा, विद्यालय के संरक्षक अजीत पाल जैन, नालागढ़ स्त्री सभा की अध्यक्ष कृष्णा बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

News Archives

Latest News