Dnewsnetwork
नालागढ़। पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत लड़ाई-झगड़े के एक मामले की जांच के दौरान ग्रेनेडनुमा वस्तु बरामद होने के मामले में बद्दी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अब तक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, जांच के दौरान आरोपी के मकान से लगते खेत से एक अन्य ग्रेनेड भी बरामद हुआ है। दोनों ग्रेनेड को बम निरोधक दस्ते ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया है।
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम को एक ग्रेनेडनुमा वस्तु बरामद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद शिकायतकर्ता की शिकायत पर थाना नालागढ़ में Arms Act की धारा 25(1)(a) तथा Explosive Substances Act, 1908 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ पुत्र प्यारा निवासी गांव मजरा, डाकघर बरूणा, तहसील नालागढ़ को गिरफ्तार किया था। इसके बाद बुधवार को उसकी पत्नी किरना को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों से मामले के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी के मकान के साथ लगते खेत की तलाशी ली, जहां से एक और ग्रेनेड बरामद हुआ। इसके बाद बम निरोधक दस्ते की सहायता से आरोपी के घर तथा आसपास के क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान कोई अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए और इसके सभी पहलुओं की गहन जांच के लिए डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस अब बरामद ग्रेनेड के स्रोत, आरोपियों की भूमिका तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
बद्दी पुलिस के अनुसार दोनों बरामद ग्रेनेड को सुरक्षा मानकों के अनुरूप नष्ट कर दिया गया है। पुलिस मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई करेगी।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने लोगों से अपील की है कि घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की अपुष्ट सूचना या अफवाह सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।














