DNN मंडी
उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर की अध्यक्षता में यहां उपायुक्त कार्यालय के वीडियो कान्फ्रेंस कक्ष में फोरलेन सड़क मार्गों के कार्यों की एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि नौलखा से डडौर तक बरसात के कारण सड़क में पड़े गड्डों को शीघ्र भरने व इसके रखरखाव के लिए परियोजना निदेशक के माध्यम से ठेके पर कार्य कर रही कंपनियों को निर्देष दिए। उन्होंने कहा कि वे कीरतपुर से नेरचैक, नेरचैक से पण्डोह, पण्डोह से टकोली तक विभिन्न चरणों में चल रहे सड़क मार्ग कार्यों के उचित रखरखाव आदि की ओर विशेष ध्यान दें, ताकि यातायात निर्बाध गति से चल सके और इस ओर आने वाले सैलानियों व स्थानीय जनता को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम समीप है और ऐसे में भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में संबंधित निर्माण कंपनियों को आवश्यक मशीनरी व उपकरण पर्याप्त मानव संसाधन के साथ दिन-रात तैनात रखें।
उन्होंने कहा कि इस अति महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने, निर्माण कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा निर्माण में लगी कंपनियों, राष्ट्रीय उच्चमार्ग प्राधिकरण तथा जिला प्रशासन व सभी विभागों में आपसी समन्वय होना अति-आवष्यक है, ताकि परियोजना से जुड़े सभी पक्ष अपनी जिम्मेवारियों का पूरी तरह से निर्वहन करें और छिटपुट समस्याओं का त्वरित व समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित करें।



















