DNN हमीरपुर
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि पूर्व यूपीए सरकार में जनता को आरटीआईए मनरेगा के तहत सौ दिन का काम, खाद्य सुरक्षा बिल के तहत दो वक्त की रोटी, शिक्षा का अधिकार और समानता के अधिकार मिले। मगर मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार में भागीदारी का अधिकार दिया है। खुद पीएम नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार में भागीदार हैं। राफेल विमान खरीद घोटाला इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। पीएम नरेंद्र मोदी के फ्रांस दौरे के दौरान ही यह डील हुई और यूपीए सरकार में 500 करोड़ में खरीदे जा रहे लड़ाकू जहाज़ की कीमत रातोंरात 1670 करोड़ हो गई। पीएम इस डील में हुए भ्रष्टाचार में अपनी भागीदारी से बच नहीं सकते। उन्हें देश को जवाब देना ही होगा। रजनी पाटिल यहीं नहीं रुकी, उन्होंने कहा कि मोदी खुद भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं, इसलिए ही आज तक लोकपाल की नियुक्ति नहीं की। लोकपाल नियुक्त होता तो एनडीए सरकार के भ्रष्टाचार की पोल पूरे देश के सामने खुल गई होती।
लक्ष्य 2019 के तहत आयोजित हमीरपुर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में भी पाटिल ने मोदी पर चुन चुनकर शब्दवाण चलाए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। पाटिल ने अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए सभी से एकजुट होकर 2019 में लोकसभा की चारों सीटों को जीतने का आह्वान किया। पाटिल ने कहा कि चंद बड़े औद्योगिक घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए मोदी सरकार ने जनता को बेतहाशा महंगाई की आग में झोंक दिया है। पेट्रो पदार्थों की कीमतें सरकार के नियंत्रण में ही नहीं हैं। चंद कंपनियां मोटा मुनाफा कमा रही हैं और जनता महंगा पेट्रोल व डीजल खरीदने को मजबूर है। सम्मेलन के दौरान सीएलपी लीडर मुकेश अग्निहोत्री, विधायक इन्द्रदत लखनपाल, विधायक राजेंद्र राणा, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, कांग्रेस एससी विभाग के अध्यक्ष सुरेश कुमारए कांग्रेस रिसर्च विभाग के चेयरमैन सुनील बिट्टू, प्रवक्ता संजय सिंह चौहान इत्यादि मौजूद रहे।
जुमलों तक सीमित केंद्र व राज्य सरकार : सुक्खू
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने तो जुमलों से जनता को ठगा ही, प्रदेश की जयराम सरकार भी उसी राह पर चल रही है। मोदी के हिमाचल से किए वादे झूठ का पुलिंदा ही साबित हुए हैं। न तो सेब उत्पादक किसानों को राहत मिली, न पर्यटन को बढ़ावा दिया, न रेल नेटवर्क का विस्तार हुआ। औद्योगिक पैकेज भी नहीं मिला। दो करोड़ सालाना रोजगार तो दूर उल्टा लगी, लगाई नौकरियां खत्म हुई हैं। किसी के खाते में 15.15 लाख नहीं आए। बल्कि भाजपा के चहेते नीरव मोदी, मेहुल चौकसी व विजय माल्या करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गए। इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए कमर कस लें। जनता का समर्थन कांग्रेस को मिल रहा है। सुक्खू ने कहा कि जयराम सरकार के सत्ता संभालने के बाद क्राइम का ग्राफ बढ़ा है। आमजन असुरक्षित महसूस कर रहा है। सरकार नाम की कोई चीज नहीं। अफसर ही सरकार चला रहे हैंए मुख्यमंत्री तक की नहीं सुनी जा रही। आरएसएस ने पूरी तरह से सीएम कार्यालय पर कब्जा किया हुआ है। सरकार की कार्यप्रणाली से भाजपा नेता व कार्यकर्ता ही खफा हैं।