मुख्य सचिव को बदलने पर सदन में हंगामा, सरकार अंशकालीन कर्मचारियों की तरह बदल रही अफसरों को, मुख्यमंत्री बोले विपक्ष मुद्दाविहीन

Politics Shimla

DNN शिमला

हिमाचल प्रदेश सरकार ने मुख्य सचिव अनिल खाची को पद से हटा दिया है। अनिल खाची को राज्य चुनाव आयुक्त के पद पर नियुक्ति दी है। इसको लेकर पक्ष व विपक्ष के बीच ठन गई है। विपक्ष ने खाची को बदलने के खिलाफ सदन में खूब हंगामा किया व वर्तमान सरकार पर अफसरों को ताश के पतों की तरह फेंटने का आरोप लगाया।

विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार ने अपने कार्यकाल में अभी तक 6 मुख्य सचिव बदल दिए हैं। विधानसभा के सत्र के दौरान मुख्य सचिव को बदलने की क्या जरूरत पड़ गई। सरकार अंशकालीन की तरह अफसरों को बदल रही है। हिमाचल का कोई व्यक्ति बड़े संघर्ष के बाद मुख्य सचिव बना है। मुख्य सचिव का अच्छा रिकॉर्ड रहा है। सत्र के चलते ऐसे जल्दबाजी में मुख्य सचिव को बदलने की मंशा को सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।

इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के सलाह की आवश्यकता नहीं है। जब उनकी सरकार थी तब भी कई लोगों को दरकिनार कर लगाया गया। इसको राजनीतिक तराजू में तोलना सही नही है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी ठीक काम कर रहे है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नही है वीपक्ष अपनी भूमिका निभाएं ओर सरकार का सहयोग करें।

News Archives

Latest News