बद्दी-बरोटीवाला में ऊर्जा निदेशालय द्वारा खुदरा विक्रेता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

Himachal News Others Solan

DNN सोलन 

07 जुलाई सोलन ज़िला के बद्दी-बरोटीवाला में ऊर्जा निदेशालय द्वारा ऊर्जा दक्षता ब्यूरो की मानक और लेबलिंग योजना पर एक दिवसीय खुदरा विक्रेता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर ने की।
महेन्द्र पाल गुर्जर ने कहा कि स्टार रेटेड उत्पादों के माध्यम से ऊर्जा दक्षता बढ़ाने में खुदरा विक्रेताओं की भूमिका पर विशेष बल देने की आवश्यकता है ताकि खुदरा विक्रेता अपने स्वयं की ऊर्जा दक्षता को पहचान सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम के आयोजन से अधिकतम हितधारक लाभान्वित हो सकते हैं। उन्होंने उद्योगों में ऊर्जा दक्षता की आवश्यकता का उल्लेख करते हुए कहा कि उद्योगों को अपने कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए।
इससे पूर्व अधीक्षण अभियंता (विद्युत) मनोज कुमार चौधरी ने ऊर्जा निदेशालय द्वारा किए गए पायलट परियोजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश राज्य में ऊर्जा दक्षता को लागू करने में एस.डी.ए की भूमिका का भी उल्लेख किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में 65 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
शिविर में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक संघ के अध्यक्ष राजेंद्र गुलेरिया, ऊर्जा निदेशालय के वरिष्ठ कार्यकारी अभियंता देवेंद्र सोनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

News Archives

Latest News