DNN नाहन
नाहन में मुख्यमंत्री द्वारा नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए किए गए 142 करोड़ रूपए के आॅनलाइन उद्घाटन के लिए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल ने जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया, वहीं नाहन विधानसभा क्षेत्र की बरसों से अनदेखी के कांगे्रस पर जमकर निशाना साधा। साथ ही आज के दिन को नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वर्णिम दिन करार दिया।
मीडिया से बात करते हुए विधायक डा. राजीव बिंदल ने कहा कि आज नाहन विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए स्वर्णिम दिन है। 142 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्यों के उद्घाटन व शिलान्यास मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा किए गए। इसके लिए वह इलाके की जनता को बधाई देते है।
बिंदल ने विपक्ष को स्मरण करते हुए कहा कि बरसों बरस से नाहन विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी का राज रहा। विभिन्न प्रकार से विधायकों ने यहां का प्रतिनिधित्व किया। परंतु 70 साल की आजादी के बाद भी पर्याप्त मात्रा में नाहन शहर को पीने का पानी नहीं मिला। ग्रामीण क्षेत्रों के अंदर पीने का पानी न मिले, पुलों के अभाव में बरसात के दिनों में गांव के लोग एंबुलेंस की इंतजार में तड़पते रहे। पानी के बहाव में लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नदियों क्रास करके अपने परिवारों की जान जोखिम में डालते हैं। ये सब कुछ इस विधानसभा क्षेत्र में पूर्व की सरकारों में होता रहा। मगर आज खुशी की बात है कि नाहन शहर के लिए गिरी पेयजल योजना का उद्घाटन होता है। साथ ही इसके नाहन विस क्षेत्र के लिए कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया गया। बिंदल ने कहा कि वर्तमान भाजपा शासन में यहां विकास का नया कारवां जुड़ा है।
विधायक बिंदल ने कहा कि काश उनसे पहले यहां से पूर्व विधायकों व पूर्व सरकारों ने चिंता की होती, तो शायद आज हम विकास की दूसरी दिशा में बढ़ते नजर आते। यदि हमारे यहां पहले से सिंचाई की सुविधा होती, सड़कों का निर्माण होता तो हमारा किसान समृद्धता की ओर अग्रसर होता। मगर आज हम विकास को लेकर पहली लड़ाई को लड़ रहे हैं। बिंदल ने उम्मीद जताते हुए कहा कि आने वाले अढ़ाई वर्षों के अंदर अनेक अनेकों प्रोजेक्ट ओर पूरा करेंगे।