डॉ. शांडिल करेंगे सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता

Himachal News Others Solan

DNN सोलन

16 जनवरी। प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की सोलन ज़िला से शुरूआत सोलन विकास खण्ड की ग्राम पंचायत नौणी से होगी। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। यह जानकारी आज यहां उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत जहां विभिन्न समस्याओं का समाधान सुनिश्चित बनाया जाएगा वहीं लोगों को सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों की सारगर्भित जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में नशा निवारण के विषय में भी लोगों को अवगत करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी स्थापित किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित होने वाले मेगा स्वास्थ्य शिविर में रोगियों के उपचार के साथ-साथ सामान्य परीक्षण निःशुल्क किए जाएंगे। रोगियों को दवाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम में सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की पूरी जानकारी एवं पात्रता के सम्बन्ध में अवगत करवाया जाएगा।
उपायुक्त ने लोगों से आग्रह किया कि बड़ी संख्या में पहुंचकर सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम प्रातः 10.00 बजे आरम्भ होगा।

News Archives

Latest News