DNN ऊना
जिला ऊना में 31वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह शुरू हो गया, जिसका शुभारंभ आरटीओ ऊना एम.एल. धीमान ने आज मैहतपुर बैरियर से किया। इस दौरान जहां लोगों को ट्रैफिक नियमों की पालना करने के प्रति जागरूक किया गया, वहीं अधिकारियों ने ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों के चालान काटने के स्थान पर गुलाब के फूल भेंट किए।
एम. एल. धीमान ने बताया कि अभियान के दौरान जिला ऊना के सभी प्रवेश द्वारों पर वाहन चालकों एवं सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं में हो रही वृद्वि की रोकथाम के लिए लोगों में यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार आवश्यक है, इसी दृष्टिगत सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान पूरे सप्ताह विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग ट्रैफिक नियम मानने को प्रेरित हो सकें। ट्रक यूनियन, बस यूनियन, टैक्सी यूनियन के चालकों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ शिक्षण संस्थानों में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यदि वाहन चालक और पैदल चलने वाले यात्री सड़क सुरक्षा नियमों का ईमानदारी से पालन करेंगे तो दुर्घटनाओं में अवश्य कमी आएगी।















