DNN नाहन
6-अप्रैल-विधायक एवं पूर्व अध्यक्ष हि.प्र. विधानसभा डा. राजीव बिन्दल ने आज अपने एक दिवसीय कोलर प्रवास के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) भवन कोलर का उदघाटन किया। 80 लाख रुपये की लागत से निर्मित पीएचसी भवन के बनने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा होगा।
डा. राजीव बिन्दल ने इस अवसर नव सृजित पटवार सर्कल कोलर के भवन की आधारशिला भी रखी।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में डा. राजीव बिन्दल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र की पांवटा खंड में पड़ने वाली 12 पंचायतों में विभिन्न विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएचसी कोलर के शानदार भवन को जन समर्पित करते हुए हमें अत्यंत प्रसन्न्ता हो रही है। उन्होंने कोलर में पीएचसी के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कोलर में पटवार सर्कल भवन के बनने से राजस्व सम्बन्धी कार्यों में स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा।
डा. बिन्दल ने कहा कि भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर कोलरवासियों को पीएचसी भवन का तोहफा मिला है साथ ही नव सृजित पटवार सर्कल के भवन का कार्य भी प्रारम्भ हुआ है।















