अनोखे अंदाज में चालक किए जागरूक

Baddi + Doon Crime Others

डीएनएन बद्दी
पुलिस दुर्घटनाओं को रोकने तथा यातायात नियमों का पालना सुनिश्चित करने के लिए सड़कों पर उतरी है। मंगलवार को पुलिस थाना बरोटीवाला के प्रभारी जयराम डोगरा की अगुआई में पुलिस ने वाहन चालकों को जागरूक किया। एसएचओ बरोटीवाला जयराम डोगरा ने कहा कि ट्रक चालक नशे में हादसों को अंजाम देते हैं। नशा एक सामाजिक बुराई है और सड़क पर वाहन लेकर चलने वालों को तो नशे से कोसों दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर अपनी और यात्रियों की सुरक्षा एक वाहन चालक की जिम्मेदारी होती है। अगर हम यातायात नियमों की पालना करते है तो सड़क हादसों को रोका जा सकता है। थोड़ी से सूझबूझ और समझदारी बड़े हादसों को टाल देती है। इस दौरान पुलिस ने कार चालकों को रोककर सीट बेल्ट लगाने और धीमी रफ्तार में चलने, नशे और शराब से दूर रहने, सभी कागजात पूरे रखने का आह्वान किया। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने और नियमों की पालना के प्रति जागरूक किया। जयराम डोगरा ने बताया कि एसपी बद्दी राहुल नाथ के आदेश के बाद पुलिस ने यह विशेष जागरूकता मुहिम शुरू की है। इस दौरान लोगों को जागरूक करने के साथ उनका मुंह भी मीठा करवाया गया। एसपी राहुल नाथ ने बताया कि बीबीएन के सभी थानों में क्रमवार यह मुहिम शुरू की जाएगी, जबकि नालागढ़ थाने के अंतर्गत विशेष जागरूकता शिविर पहले लगाए जा चुके है। एसपी ने कहा कि यातायात नियमों की पालना मानव जीवन की सुरक्षा के लिए है और पुलिस की यह मुहिम रंग लाती भी दिख रही है। बीबीएन में दुर्घटनाओं का ग्राफ नीचे की ओर आ रहा है।

News Archives

Latest News