DNN सोलन
सोलन में कई कांग्रेसियों के पद जा सकते हैं ।संगठन अब पदाधिकारियों की निष्क्रियता को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। यही कारण है कि जिला कांग्रेस कमेटी की सोलन में हुई बैठक में नदारद रहे 20 से अधिक पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर के उन्हें पद से हटाने की तैयारी शुरू हो गई है l 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले संगठन की सख़्ती साफ कर रही है कि कांग्रेस संगठन चुनाव को लेकर कोई रिस्क लेने के मूड में नहीं है।
आगामी लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कांग्रेस ऐसे पदाधिकारियों को पदमुक्त कर सकती है, जो संगठन में पद पाने के बावजूद भी सक्रिय तौर पर पार्टी के कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं ले रहे है। सोलन में हुई कांग्रेस की बैठक में यह निर्णय हुआ। यहां पर बैठक में उपस्थित न होने वाले पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने पर सहमती बनी। बैठक में विशेषतौर पर आए सोलन जिला प्रभारी महेश शर्मा ने बैठक में काफी कम संख्या में पदाधिकारियों की उपस्थित पर नाराजगी जताई और साफ संकेत दिए कि जिनके पास पार्टी के लिए समय नहीं है, उन्हें पद से हटाकर अन्य किसी सक्रिय कार्यकर्ता को उससे नवाजा जाएगा। बैठक में उन्होंने जिलाध्यक्ष राहुल सिंह ठाकुर को बैठक में न पहुंचने वाले 20 से ज्यादा पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करके पदाधिकारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।















