DNN सोलन
हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया है और राज्य साक्षरता दर में देशभर में केरल के बाद दूसरे स्थान पर है। मुख्यमंत्री आज मण्डी जिले के सिराज क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगस्याड़ में महत्वाकांक्षी योजना ‘अखण्ड शिक्षा ज्योति-मेरे स्कूल से निकले मोती’ के शुभारम्भ अवसर पर बोल रहे थे। योजना के अन्तर्गत विभिन्न क्षेत्रों में नाम अर्जित करने वाले पुराने विद्यार्थियों के नाम स्कूल के सूचना पट्ट पर अंकित किए जाएंगे ताकि विद्यार्थी उनके जीवन से प्रेरणा लेकर और अधिक कठिन परिश्रम के लिए प्रेरित होकर जीवन में उत्कृष्टता हासिल कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2018-19 के बजट में राज्य के विकास और लोगों के कल्याण के लिए 30 नई योजनाएं आरम्भ की हैं। उन्होंने कहा कि अखण्ड शिक्षा ज्योति-मेरे स्कूल से निकले मोती भी उनमें से एक है, जो जीवन में विभिन्न क्षेत्रों में नाम अर्जित करने वाले पुराने छात्रों को सम्मानित करने के लिए आरम्भ की गई है। मुख्यमंत्री ने स्कूल के अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि स्कूली जीवन, जीवन का सर्वश्रेष्ठ हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वह अपने स्कूल जीवन के दौरान बगस्याड़ पहुंचने के लिए नौ घण्टे पैदल चल कर पहुंचते थे, जबकि आज की परिस्थितियां बिल्कुल विपरित हैं। आज राज्य के दूर दराज के क्षेत्रों में भी शिक्षण संस्थान हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 500 प्रतिभावान विद्यार्थियों को आईएएस, एचएएस, नीट, जेई, आईआईटी इत्यादि प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए मेधा प्रोत्साहन योजना आरम्भ की है। योजना के तहत एक लाख रुपये की राशि प्रति विद्यार्थी उपलब्ध करवाई जाएगी।
जय राम ठाकुर ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के करियर को आकार देने में स्कूल व अध्यापकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का दायित्व बनता है कि हम उस संस्थान को कुछ योगदान अवश्य करें। इससे न केवल संस्थान को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी, बल्कि संस्थान के विद्यार्थी बेहतर करने के लिए प्रेरित भी होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के सरकारी स्कूलों में नर्सरी कक्षाएं आरम्भ की जा रही हैं, क्योंकि सरकारी स्कूलों में नर्सरी कक्षाओं की उपलब्धता न होने के कारण अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिल करते हैं। उन्होंने कहा कि इससे अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में दाखिल करने के लिए प्रेरित होंगे।
जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर आरम्भ की गई योजना के तहत स्कूल ऑनर बोर्ड पर अंकित किए गए विद्यार्थियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अखण्ड शिक्षा ज्योति-मेरे स्कूल से निकले मोती पर डाईट द्वारा तैयार किए गए दिशा-निर्देशां पर आधारित पुस्तिका का भी विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना’ के तहत लाभार्थियों को निःशुल्क गैस कनेक्शन भी प्रदान किए। उन्होंने इस अवसर पर विद्यार्थियों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्कूल को जोड़ने वाली सड़क की मैटलिंग करने तथा स्कूल मैदान के विस्तार के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्कूल में स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बगस्याड़ स्कूल के अतिरिक्त भवन के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने बगस्याड़ बाजार के लिए 10 सोलर लाईटों की भी घोषणा की।















