Solan एक महिला सहित 10 लोग जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार

Crime Solan

Dnewsnetwork परवाणू, 13 जून।

जिला सोलन पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए परवाणू के चक्की मोड़ स्थित एक होटल में दबिश देकर एक महिला सहित 10 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ताश के पत्ते, गैम्बलिंग चिप्स तथा जुए में प्रयुक्त कुल 78,078 रुपये की नकदी बरामद की है।

एस.पी साईं दत्तातरे वार्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि  शुक्रवार सुबह SIU की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि चक्की मोड़ के समीप स्थित एक होटल के कमरे में कुछ व्यक्ति गैम्बलिंग कॉइन्स और चिप्स के माध्यम से धनराशि दांव पर लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल होटल में छापेमारी की।

दबिश के दौरान होटल के एक कमरे में कुल 10 व्यक्ति, जिनमें एक महिला और नौ पुरुष शामिल थे, ताश के पत्तों पर नकद राशि दांव पर लगाकर अवैध रूप से जुआ खेलते पाए गए। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया तथा तलाशी के दौरान उनके कब्जे से ताश के पत्ते, गैम्बलिंग चिप्स और 78,078 रुपये की नकदी बरामद की, जिसे नियमानुसार कब्जे में ले लिया गया।

एस.पी साईं दत्तातरे वार्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान नवीन निवासी डेराबस्सी जिला मोहाली (पंजाब), अनूप निवासी पटियाला (पंजाब), मोहन सिंह निवासी जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश), विक्रम सिंह निवासी देहरादून (उत्तराखंड), तायडे गणेश मूल निवासी बुलढाणा (महाराष्ट्र) व वर्तमान निवासी पंचकूला (हरियाणा), साहिल निवासी जीरकपुर (पंजाब), संजू राम निवासी पंचकूला (हरियाणा), मोहित मेहता निवासी करनाल (हरियाणा), करण कुमार निवासी मोहाली (पंजाब) तथा कंचन सिंह निवासी रोहिणी, दिल्ली के रूप में हुई है।

इस संबंध में पुलिस थाना परवाणू में एफआईआर संख्या 73/2026 दिनांक 13 जून 2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धाराओं 3 एवं 4 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की है तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत उन्हें पाबंद किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

News Archives

Latest News