DNN सोलन
28 अगस्त। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने आज यहां चिल्ड्रन पार्क से ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ के अन्तर्गत ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर उपस्थित बच्चों, युवाओं एवं अन्य को फिट इंडिया की शपथ भी दिलाई। आयुष मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि स्वतन्त्र देश के नागरिक के रूप में आज प्रत्येक भारतवासी गौरावान्वित महसूस करता है। उन्होंने कहा कि स्वतन्त्रता ने हमें न केवल समानता के साथ जीने का अधिकार प्रदान किया है अपितु देशवासियों को अपनी इच्छा से देशहित में कार्य करने का अवसर भी दिया है। उन्होंने बच्चों एवं युवाओं से आग्रह किया कि देश की स्वतन्त्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले स्वतन्त्रता सेनानियों की शहादत को सदैव स्मरण रखें। उन्होंने कहा कि देश के स्वतन्त्रता सेनानियों के जीवन वृत्त के बारे में युवा पीढ़ी को अवगत करवाया जाना चाहिए। डाॅ. सैजल ने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत करना तथा उन्हें स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक बनाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 मार्च, 2021 को ऐतिहासिक दांडी यात्रा के 91 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गुजरात स्थित साबरमती आश्रम से दांडी तक की यात्रा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना कर देश की स्वतन्त्रता के 75 वर्ष के जश्न का शुभारम्भ किया था। डाॅ. सैजल ने आशा जताई कि यह महोत्सव युवा पीढ़ी को स्वतन्त्रता के मूल्य के बारे में जागरूक करने के साथ-साथ एक स्वस्थ भारत के निर्माण में भी सहायक सिद्ध होगा। उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी ने इस अवसर पर सभी को बधाई दी और आशा जताई कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनेगा।















