DNN सोलन
शिमला लोकसभा क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप ने आज यहां पुराने बस अड्डे से सोलन मालरोड के लिए निःशुल्क वाई-फाई सेवा का शुभारंभ किया। भारत संचार निगम लिमिटिड द्वारा संचालित इस वाई-फाई सेवा को स्थापित करने पर 7 लाख रुपये व्यय हुए हैं।
प्रो. वीरेंद्र कश्यप ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत डिजीटल इंडिया बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि डिजीटल इंडिया प्रधानमंत्री की पहल है। इसके तहत यह सुनिश्चित बनाया जा रहा है कि विभिन्न सरकारी सेवाएं बिना कागज के इलैक्ट्रॉनिक रूप से जनता तक पहुंचे।
डिजीटल इंडिया का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को उच्च स्पीड इंटरनेट के माध्यम से जोड़ना भी है।
सांसद ने कहा कि उच्च प्रौद्योगिकी के वर्तमान युग में जन-जन तक त्वरित गति से विभिन्न सेवाओं के लाभ पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए उच्च गुणवत्तायुक्त इंटरनेट सेवाओं का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश की 2.50 लाख पंचायतों को 31 मार्च 2019 तक इंटरनेट सेवा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।















