डीएनएन सोलन
जेल में विचाराधीन कैदियों के व्यक्तित्व सुधारने के लिए कई संस्थाएं कार्य कर रही है। इसी कड़ी में सोलन जेल में करीब 20 कैदियोंको पेंटिंग के बारे में जानकारी दी गई। जिला कारागार सोलन के 20 बंदी ऐसे हैं, जिन्होंने हाल ही में एशियन पेंट कंपनी द्वारा आयोजित ट्रेनिंग प्रोग्राम में हिस्सा लिया और अपनी अंदर के स्किल को सुधारा। इस प्रशिक्षण शिविर में बंदियों को कंपनी की टीम ने लगातार 12 दिन तक पेंटिंग के बारे प्रशिक्षित किया। अब वह सभी बंदी जिला कारागार की साज सज्जा समेत बाहर निकलकर अपने घर की भी शोभा बढ़ा सकेंगे। इसके साथ ही पेंटिंग के जरिए वह स्वरोजगार को भी अपना सकेंगे।
गौर रहे कि जिला कारागार सोलन में मौजूद 130 बंदियों के व्यक्तित्व सुधार के लिए उसके शौक के आधार पर प्रोग्राम आयोजित किए जाते हैं। जेल के भीतर ही बंदियों को स्किल डेवेल्पमेंट कार्यक्रम से भी जोड़ा जाता है, ताकि वे अपराध की दुनिया को छोड़कर एक बेहतर जीवन की ओर बढ़ें।
जिला कारागार सोलन के सहायक अधीक्षक दीवेश कुमार ने बताया कि यहां दस करीब धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं समय-समय पर आती हैं। बंदियों के जीवन सुधार के लिए यह प्रयास करती हैं। ऐसे कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए वह शर्तो पर संस्थाओं को अनुमति प्रदान करते हैं।















