DNN नई दिल्ली
केंद्र सरकार ने देशभर के अध्यापकों को एक बड़ी राहत दी है। सरकार ने टेट की परीक्षा की वैधता आजीवन कर दी है। पहले शिक्षक पात्रता परीक्षा योग्यता सर्टिफिकेट की वैधता अवधि को 7 साल थी। जिसे बढ़ाकर आजीवन कर दिया गया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ने घोषणा की कि सरकार ने पूर्व प्रभाव से 2011 से शिक्षक पात्रता परीक्षा अर्हक प्रमाण पत्र की वैधता अवधि 7 वर्ष से बढ़ाकर आजीवन करने का निर्णय लिया है। उन्होंने आगे कहा कि संबंधित राज्य सरकार/केंद्रशासित प्रदेश उन उम्मीदवारों को फिर से वैध/नया टीईटी प्रमाणपत्र जारी करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे, जिनकी 7 वर्ष की अवधि पहले ही समाप्त हो चुकी है। पोखरियाल ने कहा कि शिक्षण क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में यह एक सकारात्मक कदम होगा।















