DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पांच पर परवाणू से सोलन (चंबाघाट) तक बन रहे फोरलेन के कारण कुमारहट्टी में क्षतिग्रस्त हुए मकानों का निरीक्षण सामाजिक न्याय अधिकारिता एवं सहकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल ने किया। इस दौरान मंत्री सहजल ने उपमण्डलाधिकारी सोलन को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का आकलन करें और मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध करवाई जाए, ताकि लोग परेशान न हो।
बता दें कि कुमारहट्टी के समीप एक मकान में फोरलेन कार्य के चलते दरारें पड़ गई थी। मकान में अधिक दरारें पड़ने के कारण खतरे की जद्द में आ गया था। मकान मालिक का कहना था कि इनके द्वारा जिला प्रशासन और एनएचएआई को ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन इस पर कोई भी ध्यान नहीं दिया गया था। इसको देखते हुए DNewsNetwork.in द्वारा इस मुद्दे को बड़ी ही गम्भीरता से उठाया और शनिवार को इसे प्रकाशित किया गया। इसके बाद सरकार व प्रशासन हरकत में आया और तुरन्त मौके का निरीक्षण किया। इसी के साथ थोड़ी दूरी पर पहाड़ी पर स्थित एक ओर भवन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदा तथा फोरलेन निर्माण कार्यों से प्रभावित व्यक्तियों को समय-समय पर नियमानुसार मुआवजा प्रदान कर रही है तथा इस दिशा में अधिकारियों को भी तत्परता के साथ कार्य करना होगा। प्रदेश सरकार राज्य के संतुलित विकास के साथ-साथ समाज के हर वर्ग को समय पर राहत पहुंचाने के लिए कृतसंकल्प है।

डा. सहजल क्षेत्र में प्रत्येक प्रभावित परिवार से मिले तथा उन्हें निर्माण कार्य से हुए नुकसान की भरपाई का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, भारतीय राष्टीय उच्च मार्ग प्राधिकरण तथा निर्माण कार्यों में संलग्न कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि फोरलेन कार्यों में स्थानीय आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाए और निर्माण कार्य इस प्रकार किया जाए कि पारंपरिक जल स्त्रोत इत्यादि सुरक्षित रहें।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में संलग्न कंपनी जल की समुचित निकासी सुनिश्चित बनाएं ताकि लोगों की जमीन व मकान को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि फोरलेन में निर्मित किए जा रहे कलवर्ट सही स्थापित किए जाएं ताकि वर्षा के पानी से जमीन को किसी भी प्रकार का नुकसान न हो। उन्होंने स्थानीय निवासियों की कृषि योग्य भूमि को सड़क पर बहने वाले पानी के कारण हो रहे नुकसान की समस्या के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
क्या है पूरा मामला
कुमारहट्टी से करीब 100 मीटरकी दूरी पर रीना द्वारा मकान बनाया है, लेकिन फोरलेन निर्माण के दौरान लगाई गई मशीनों की गड़गड़ाहट से मकान में दरारें पड़ गई है। पहले तो मकान में दरारें काफी कम थी, लेकिन अब यह दरारें अधिक हो गई है और पूरे मकान में दरारें ही दरारें पड़ गई है। मकान के मालिक द्वारा को निर्माण को लेकर लिया गया कर्ज भी अभी इनके द्वारा चुकाया नहीं गया है कि अब फोरलेन कार्य से मकान में दरारें पड़ गई है। हैरान कर देने वाली बात तो यह है कि जब मकान के पास डंगा लगाने का कार्य शुरू हुआ तो मकान मालिक द्वारा इसका विरोध भी जताया था और डंगे में इनके घर की और पानी की पाइपों की निकासी भी कर दी है। इससे बरसात में पानी इनके घर के ऊपर गिर जाता था।















