CM ने किया शिलान्यास लेकिन आज तक नहीं बनी DPR

Politics Solan

DNN सोलन

सोलन जिला मार्केटिंग बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष मोहन सिंह ठाकुर ने सब्जी मंडी के तीसरे चरण के शिलान्यास को लेकर अपनी ही सरकार की घेराबंदी कर डाली है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को लिखे एक पत्र में उन्होंने कहा कि सोलन सब्जी मंडी के तीसरे चरण का शिलान्यास तो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर दिया, लेकिन इसकी डीपीआर आज तक नहीं बन पाई है और न ही उसके टेंडर लगाए गए हैं। ऐसे में किसानों का विश्वास मंडी पर से उठता जा रहा है। साथ ही इसके चलते किसान व बागवानों को दूसरे राज्यों की मंडियों का रुख करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि आगामी सीजन होने से पहले किसानों की समस्याओं का समाधान करें और उन्हें मूलभूत सुविधाएं प्रदान कराएं ताकि किसानों को साथ लगते राज्यों का रुख न करना पड़े।

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में मोहन सिंह ठाकुर ने लिखा है कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने 1998 में मुख्यमंत्री रहते हुए सोलन के लोगों को सब्जी मंडी का तोहफा दिया था। पत्र में उन्होंने पूर्व कांग्रेस सरकार की घेराबंदी करते हुए आरोप लगाया कि किसानों तथा बागवानों के लिए यहां पर कॉल्ड स्टोर और राइपनिंग चैंबर बनाए गए थे, लेकिन प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही इन्हें बंद करवा दिया गया। इसी प्रकार से सब्जी मंडी के अंदर एक बहुत बड़ा एग्रीमोल बनाया गया था। जिसके अंदर किसानों तथा बागवानों को कृषि उपकरण, पावर टिलर, बीज, खाद्य, दवाइयां, स्प्रे सहित अन्य पशु चारा, मिल्क पाउडर तथा नामी कंपनियों के उत्पाद एक ही छत के नीचे बाजार से कम दाम में मिलते थे। इससे किसानों को बहुत लाभ हो रहा था लेकिन प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद इसे भी बंद कर दिया गया जिसके कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस की घेराबंदी करते हुए भी आरोप लगाया कि सेब के कारोबार के लिए कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सड़क किनारे जो शलटर बनाए गए उनका निर्माण मलबे के ऊपर हुआ है। ऐसे में भारी बारिश के चलते कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है और यह ढह सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को ठहरने के लिए जो विश्रामगृह बनाया गया था उसे तोड़कर अधिकारियों के आवास बना दिए गए हैं। जिसके कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

News Archives

Latest News