Dnewsnetwork Solan
प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी-चिट्टा अभियान के तहत सोलन पुलिस (Solan Police) ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बीते दो दिनों में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने इन मामलों में कुल 13 किलो 630 ग्राम चूरापोस्त तथा 22.27 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों मामलों में आगामी जांच जारी है।
एसपी सोलन साईं दत्तातरे वार्मा ने बताया कि पुलिस थाना धर्मपुर की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक से 13 किलो 630 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने हरिदत्त (26) निवासी खील बड्सेर, कुमारहट्टी और जितेंद्र कुमार (30) निवासी रुन्दन घोड़ो, कुमारहट्टी को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ थाना धर्मपुर में मादक पदार्थ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान ट्रक को भी कब्जे में लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
दूसरे मामले में जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने धर्मपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर एक वाहन की जांच की। वाहन में सवार तीन युवकों के कब्जे से 11.27 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान गौरव वर्मा (29) निवासी न्यू कथेड, सोलन, शुभम ठाकुर (25) निवासी धार, सलोगड़ा तथा वीरेंद्र कुमार (32) निवासी न्यू कथेड, चंबाघाट के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। वहीं ण्क अन्य मामले में धर्मपुर पुलिस टीम ने एक अन्य कार्रवाई में पट्टा मोड़, कुमारहट्टी के समीप गुप्त सूचना के आधार पर संजय (28) निवासी पालवी, शिलारू, ठियोग को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11 ग्राम चिट्टा( हैरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।














