DNN धर्मशाला
कांगड़ा जिले में जनमंच कार्यक्रम का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के नाट्य दल के कलाकारों ने आज विशेष प्रचार अभियान के तहत आज तीसरे दिन इन्दौरा विधानसभा क्षेत्र के भप्पू, लोधवां तथा गगवाल में कार्यक्रम आयोजित किये। कलाकारों ने बताया कि प्रदेश सरकार ने जन सरोकार को प्राथमिकता देते हुए जनमंच के रूप में नई पहल की है।
नाट्य दल ने गीत, संगीत व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनमंच के दौरान लोगों को जनमंच कार्यक्रम से अवगत करवाया एवं उन्हें घरद्वार पर उनकी समस्याओं के त्वरित एवं स्थाई समाधान की इस नई व्यवस्था की पूरी जानकारी दी।
कलाकारों ने बताया कि 18 नवम्बर कोे राजकीय महाविद्यालय इन्दौरा में आयोजित होने वाले जनमंच दिवस के मौके पर ही लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका निपटारा किया जाएगा तथा लोगों को अपनी समस्याओं को लेकर बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़गें। कलाकारों ने बताया कि इस दिन भूमिहीन पात्र लोगों की पहचान के अलावा इंतकाल के लम्बित मामलों का समाधान, जन्म एवं मृत्यु और एससी, एसटी व ओबीसी प्रमाणपत्र मौके पर ही बनाए जाएंगे।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपनी शिकायतें एवं समस्याएं अपने पंचायत सचिव के पास दर्ज करवाएं। इस दौरान जनमंच की जानकारी के साथ-साथ गायक निम्मो, अंजनी ब्यास, ज्योति, निकेश, कुशल, देस राज, अजय, सतीश, अनुपमा शाही, राजेश, अमन तथा प्रकाश ने नुक्कड़ नाटक के अलावा सरकार की उपलब्धियों तथा पहाड़ी लोेेक गीतों से लोगों का भरपूर मंनोरजंन किया।















