DNN धर्मशाला
खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने कहा कि बीड़-बीलिंग पैराग्लाईडिंग के लिए दुनिया के सबसे बेहतर स्थलों में एक है तथा प्रदेश सरकार इसे और बेहतर बनाने तथा यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित करने करने पर जोर दे रही है। खाद्य आपूर्ति मंत्री ने कहा कि बीड़-बीलिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित करने के साथ ही पैराग्लाईडर्स एवं दर्शकों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही धार्मिक तथा सांस्कृतिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। सरकार इस क्षेत्र को रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए प्रयासरत है।
किशन कपूर आज बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के बीड़-बीलिंग में आयोजित इंडियन ओपन पैराग्लाईडिंग कैटगरी-2, क्रॉस कंट्री इवेंट, 2018 के समापन अवसर पर बोल रहे थे। सप्ताह भर चली इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा 20 देशों के करीब 100 पैराग्लाईडर्स ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में एक दर्जन महिला पायलट सहित भारतीय सेना के 7 पायलट भी शामिल हुये।
गौरतलब है कि यह प्रतियोगिता प्रदेश के पर्यटन विभाग, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण, बीड़-बीलिंग तथा ऐरो क्ल्ब ऑफ इंडिया और एफ.ए.आई ने संयुक्त रूप से आयोजित की ।
पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने के लिए 1900 करोड़ की परियोजना मंजूर
किशन कपूर ने कहा केन्द्र सरकार ने प्रदेश में पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने के लिए 1900 करोड़ रुपये की परियोजना मंजूर की है। इस योजना के प्रथम चरण में पर्यटन विकास की विभिन्न गतिविधियों पर 800 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे।
पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ‘‘नई राहें-नई मंजिलें’’ योजना शुरू
किशन कपूर ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में अनछुए पर्यटन स्थलों को चिन्हित कर वहां पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है, ताकि इन स्थलों की ओर पर्यटकों का रूझान बढ़े और लोगों के लिए आजीविका के नए संसाधन उपलब्ध हों।
खाद्य आपूर्ति मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में पर्यटन स्थलों का विस्तार करने के लिए ‘‘नई राहंे-नई मंजिलें’’ योजना की शुरूआत की है। इसके तहत पर्यटकों को अनछुए क्षेत्रों में भी भेजने की योजना पर बल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में सड़क, परिवहन, पार्किंग एवं मूलभूत सुविधाओं की संरचना की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में नए पर्यटन गणतव्य विकसित करने की दिशा में गंभीर प्रयास कर रही है। पर्यटन गतिविधियों के विकास
से स्वरोजगार के अनेक साधन उपलब्ध होंगे और ग्रामीण आर्थिकी को बढ़ावा मिलेगा। इस कार्य के लिए वर्तमान वित्त वर्ष में 50 करोड़ रुपये बजट का प्रावधान रखा गया है।
खाद्य आपूर्ति मंत्री ने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में लोगों की सुविधा के लिए सिविल सप्लाई निगम का गोदाम स्थापित किया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक मुल्ख राज प्रेमी ने अपने विचार रखे। उन्होंने खाद्य आपूर्ति मंत्री से उतराला-होली सड़क के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने तथा बीड़ में पुलिस चौकी स्थापित करने का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने का आग्रह किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
किशन कपूर ने स्थानीय विधायक की मांग को प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित भी किया।
इससे पूर्व, पर्यटन विभाग के निदेशक सीपी वर्मा ने शाल व टोपी पहनाकर मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता के समन्वयक एवं एसडीएम बैजनाथ विकास शुक्ला ने प्रतियोगिता के आयोजन की जानकारी दी।
इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दयोल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। स्कूल में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खाद्य आपूर्ति मंत्री ने स्कूली बच्चों को 15 हजार रूपये देने की घोषणा की। इस मौके पर कांगड़ा जिला प्रशासन तथा भाषा संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित करवाए जा रहे त्रिगर्त उत्सव की श्रृंखला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन करवाया गया।















