SOLAN जिला के छठे जनमंच की तैयारियां पूर्ण-DC

Others Solan

DNN सोलन

सोलन जिला के अर्की उपमंडल में आयोजित होने वाली द्वितीय जनमंच की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यह जानकारी उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने दी। विनोद कुमार ने कहा कि अर्की में आयोजित होने वाला जनमंच कार्यक्रम सोलन जिला का छठा जन मंच होगा। इस जनमंच के साथ जिले में द्वितीय चरण में जनमंच कार्यक्रम आरंभ होंगे। अर्की के कुनिहार में आयोजित होने वाले इस जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के कृषि, जनजातीय विकास तथा सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. रामलाल मारकण्डा करेंगे। कार्यक्रम प्रात: 10.00 बजे आर भ होगा। जन मंच कुनिहार स्थित राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रांगण में आयोजित होगा। इस जन मंच कार्यक्रम में अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत हाटकोट, कुनिहार, कोठी, डूमेहर, देवरा, बनोह खरड़हट्टी, मान तथा सानन की समस्याओं एवं शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विनोद कुमार ने कहा कि कार्यक्रम में महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री गृहणी सुविधा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पैंशन, जन धन योजना, बेटी है अनमोल योजना, डिजिटल राशन कार्ड, टीकाकरण, बाहृा शौचमुक्त पंचायत इत्यादि विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लोगों को न केवल इन कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी अपितु पात्र व्यक्तियों तक इन योजनाओं के लाभ भी पहुंचाएं जाएंगे। उन्होंने कहा कि जन मंच में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुर्वेद विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग द्वारा नि:शुल्क जांच एवं दवा वितरण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। जन मंच में हिमाचली प्रमाण पत्र, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, विभिन्न राजस्व प्रमाण पत्र, मृदा स्वास्थ्य कार्ड इत्यादि भी जारी किए जाएंगे। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पैंशन, विधिक सहायता, पूर्व सैनिकों को सहायता से संबंधित कागज़ी कार्यवाही भी पूरी की जाएगी। जन मंच में डिजिटल राशन कार्ड से संबंधित कार्यवाही पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जन मंच में अटल आवास योजना एवं अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित कार्यवाही भी पूरी की जाएगी।

 

News Archives

Latest News