डाॅ. शांडिल द्वारा सोलन शहर में सुचारू जलापूर्ति के लिए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश

Himachal News Others Solan

 DNN सोलन

8 अगस्त। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डाॅ. धनीराम शांडिल ने सोलन शहर में पेयजल आपूर्ति सुचारू एवं नियमित बनाने के लिए मास्टर प्लान तैयार करने निर्देश दिए हैं। डाॅ. शांडिल गत सांय यहां सोलन शहर में पेयजल आपूर्ति के सम्बन्ध में ज़िला प्रशासन, नगर निगम सोलन और जल शक्ति विभाग के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
डाॅ. शांडिल ने कहा कि सोलन शहर में सुचारू एवं नियमित जलापूर्ति के लिए जल शक्ति विभाग तथा नगर निगम सोलन के मध्य बेहतर समन्वय आवश्यक है। इसके लिए वृहद स्तर पर मास्टर प्लान तैयार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान में जल शक्ति विभाग और नगर निगम सोलन को आने वाले 50 वर्षों की योजना बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति के लिए जल भण्डारण सुविधा बढ़ाने से ही शहर की पेयजल समस्या का समाधान हो सकता है। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग को अपने एकाधिकार क्षेत्र और नगर निगम सोलन को अपने क्षेत्र में जल को व्यर्थ बहने एवं लीकेज बंद करने के बारे में भी योजना बनानी होगी।
उन्होंने कहा कि सोलन शहर की जनसंख्या में उत्तरोतर वृद्धि हो रही है। ऐसे में आधारभूत अधोसंरचना का विकास एवं दीर्घ अवधि तक सुचारू जलापूर्ति बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हम सभी को जल की एक-एक बूंद बचाकर भविष्य के बारे में भी सोचना है। उन्होंने नगर निगम सोलन को शहर की जल भण्डारण क्षमता बढ़ाने के लिए जल भण्डारण टैंक निर्मित करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने अवगत करवाया कि सोलन शहर में प्रतिदिन लगभग 78 लाख लीटर जलापूर्ति की जा रही है।
बैठक में जल शक्ति विभाग तथा नगर निगम सोलन के अधिकारियों द्वारा पेयजल आपूर्ति एवं वितरण के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर नगर निगम सोलन की महापौर पूनम ग्रोवर, उप महापौर राजीव कौड़ा, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, शैलेन्द्र गुप्ता, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, मनोनीत पार्षद, खण्ड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष अंकूश सूद, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, नगर निगम सोलन के आयुक्त ज़फ़र इकबाल, पुलिस उपाधीक्षक अनिल धोल्टा, उपमण्डलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता अमित सूद सहित जल शक्ति विभाग और नगर निगम सोलन के अधिकारी उपस्थित थे।

News Archives

Latest News